अयोध्या न्यूज डेस्क: प्रदेश के कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने बुधवार को आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का दौरा कर वहां चल रहे कृषि नवाचारों और शोध कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विश्वविद्यालय में हो रहे विकास कार्यों और वैज्ञानिक प्रयोगों को देखा और कहा कि नई तकनीक आधारित खेती ही किसानों की आय बढ़ाने का रास्ता है।
कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह के साथ उन्होंने सबसे पहले मात्स्यिकी प्रक्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां सघन मत्स्य पालन यूनिट, मखाना की खेती और रंगीन मछलियों के बीज उत्पादन के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने स्वयं मछलियों को दाना खिलाया और कहा कि आने वाले समय में रंगीन मछलियां किसानों के लिए आय का नया और लाभकारी साधन बन सकती हैं।
इसके बाद उन्होंने जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखकर की जा रही फसलों की बोआई का निरीक्षण किया। दलहनी फसलों जैसे अरहर, चना, मसूर, मटर और राजमा की प्रगति देखी। उन्होंने चने में लगने वाले रोग की रोकथाम के लिए वैज्ञानिकों को और प्रभावी उपाय करने पर जोर दिया, ताकि किसानों को बेहतर उत्पादन मिल सके।
मंत्री ने नरेंद्र अरहर-2 प्रजाति की विशेष रूप से सराहना की और किसानों को इसे अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर कृषि और तकनीक आधारित खेती को बढ़ावा देने में विश्वविद्यालय की भूमिका बेहद अहम है। इस दौरान कृषि अधिष्ठाता डॉ. डीके सिंह, निदेशक प्रसार डॉ. रामबटुक सिंह और मात्स्यिकी अधिष्ठाता डॉ. सी.पी. सिंह सहित कई वैज्ञानिक मौजूद रहे।